रांची न्यूज डेस्क: ICAI के जनवरी 2026 सत्र में आयोजित सीए फाइनल परीक्षा का परिणाम घोषित हो गया है। Ranchi की टॉप थ्री सूची में अंकिता रानी ने तीसरा स्थान हासिल किया है। चान्हो के चोरिया की रहने वाली अंकिता को 323 अंक मिले हैं।
पिता फेरी लगाकर बेचते हैं कपड़े
अंकिता रानी के पिता ब्रजदेव साहू उर्फ बिरजू साहू हाट-बाजारों में घूम-घूमकर कपड़ा बेचते हैं। सीमित आमदनी के बावजूद उन्होंने कभी बच्चों की पढ़ाई से समझौता नहीं किया। उनकी बड़ी बेटी टाटा स्टील में कार्यरत है, जबकि छोटी बेटी अंकिता ने सीए फाइनल में टॉप थ्री में जगह बनाकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
कहां से की पढ़ाई?
अंकिता की शुरुआती पढ़ाई मांडर के ऑक्सब्रिज स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने रांची के DAV कपिल देव पब्लिक स्कूल में शिक्षा ग्रहण की।
ऐसे की सीए की तैयारी
अंकिता ने बताया कि उन्होंने सिलेबस का कई बार रिवीजन किया। छह पेपरों के लिए ऑनलाइन कोचिंग भी ली। उनका कहना है कि सीए एक कठिन परीक्षा है, क्योंकि इसमें प्रतिस्पर्धा बहुत ज्यादा होती है।
उन्होंने सफलता का मंत्र साझा करते हुए कहा, “किसी भी परीक्षा में मेहनत और अनुशासन सबसे जरूरी है। अगर आप पूरी लगन और अनुशासन के साथ तैयारी करते हैं तो सफलता जरूर मिलती है।”
बता दें कि इस परीक्षा में करनाल की दीक्षा गोयल ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की है।