रांची पुलिस के हत्थे चढ़ा सूरज सिन्हा, 20 लाख की सुपारी लेकर कराया था कारोबारी पर हमला

Photo Source : Google

Posted On:Saturday, May 16, 2026

रांची न्यूज डेस्क: रांची पुलिस ने कटहल मोड़ निवासी छड़-सिमेंट व्यवसायी राधेश्याम साहु पर जानलेवा हमला कराने के मुख्य साजिशकर्ता और चर्चित अनिल टाईगर हत्याकांड के आरोपी अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस ने उसे कोलकाता से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक 15 अक्टूबर 2025 को नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित कटहल मोड़ में साम्भवी इंटरप्राइजेज के मालिक राधेश्याम साहु पर अंधाधुंध फायरिंग की गई थी। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद नगड़ी थाना में मामला दर्ज किया गया था और रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था।

जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी सूरज सिन्हा ने खुलासा किया कि राधेश्याम साहु पर हमला 20 लाख रुपये की सुपारी लेकर कराया गया था। मामले में शामिल दो शूटरों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

पुलिस के अनुसार, सूरज सिन्हा रांची के किशोरगंज इलाके का रहने वाला है और उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे कई मामलों में वांछित रहा है। उसका नाम चर्चित अनिल टाईगर हत्याकांड में भी सामने आया था।

रांची पुलिस के मुताबिक 26 मार्च 2025 को कांके चौक स्थित शिव मंदिर के पास होटल में अनिल महतो उर्फ अनिल टाईगर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही दो शूटरों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।

पूरक जांच में पुलिस को तकनीकी और भौतिक साक्ष्य मिले, जिनके आधार पर सूरज सिन्हा की भूमिका सामने आई। जांच में पता चला कि कांके थाना क्षेत्र के चामगुरु मौजा स्थित 10 एकड़ पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते देवव्रत नाथ शाहदेव और सूरज सिन्हा ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस का कहना है कि अनिल टाईगर की हत्या के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। रकम का कुछ हिस्सा बैंक ट्रांजेक्शन के जरिए आरोपी के खाते में भेजा गया था। पुलिस ने यह भी बताया कि हत्या की साजिश रांची और कोलकाता में बैठकर तैयार की गई थी।

फिलहाल पुलिस आरोपी के नेटवर्क और उसके अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।


रांची और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. ranchivocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.