रांची न्यूज डेस्क: झारखंड की राजधानी रांची स्थित Rajendra Institute of Medical Sciences (रिम्स) में शनिवार को एक एमबीबीएस छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला, जिसके बाद पूरे कैंपस में सनसनी फैल गई।
मृतक छात्र की पहचान अक्षित कुजूर के रूप में हुई है। वह एमबीबीएस सेकंड ईयर का छात्र था और हॉस्टल नंबर-8 के एचआईजी ब्लॉक में रह रहा था। बताया जा रहा है कि काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर अन्य छात्रों और हॉस्टल प्रबंधन को शक हुआ। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो अक्षित फंदे से लटका मिला।
छात्र को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
बरियातू थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि छात्र के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई कर रही है। फिलहाल कमरे की विस्तृत तलाशी नहीं ली गई है। छात्र के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार, अक्षित झारखंड के सिमडेगा जिले का रहने वाला था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।