रांची न्यूज डेस्क: रांची में आज 10 जुलाई को रेडिशन ब्लू होटल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और वीवीआईपी नेता शामिल होंगे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के चलते राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है, जिससे आम लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
बैठक को लेकर आज सुबह से ही शहर की प्रमुख सड़कों पर ऑटो और मालवाहक वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया है। बिरसा चौक से सुजाता चौक के बीच सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक ऑटो की आवाजाही बंद है। इसके अलावा सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक रांची में भारी मालवाहकों की एंट्री पर भी रोक लगा दी गई है।
इतना ही नहीं, छोटे मालवाहक वाहनों को भी सुबह 8 से 11 बजे तक और फिर शाम 4 से रात 7 बजे तक शहर में आने नहीं दिया जाएगा। बिग बाजार चौक से लेकर कडरू ब्रिज के नीचे तक किसी भी गाड़ी को जाने की इजाजत नहीं होगी, सिवाय उन वाहनों के जो बैठक में शामिल होने जा रहे हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आज के दिन जरूरी न हो तो इन रूट्स से यात्रा करने से बचें। विशेषकर ऑटो से यात्रा करने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है, इसलिए वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें और समय से पहले योजना बनाएं।