रांची न्यूज डेस्क: राजधानी रांची समेत झारखंड के कई जिलों में गुरुवार को भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और गुमला जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, सात अन्य जिलों—पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार, पलामू और गढ़वा—के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। रांची में गुरुवार को सामान्य बारिश होने की उम्मीद है। राज्य में यह मौसम 5 सितंबर तक बना रहने की संभावना है। कुछ जगहों पर तेज हवा और वज्रपात भी हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 सितंबर से बादल छटने लगेंगे।
पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम में 65.6 मिमी दर्ज की गई, वहीं पूर्वी सिंहभूम में 54.2, दुमका में 46, सिमडेगा में 39.6 और जामताड़ा में 38.4 मिमी बारिश हुई। रांची में भी 22.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है। रांची का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री और न्यूनतम 22.4 डिग्री रहा। इस दौरान गोड्डा में सबसे अधिक 35.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
राज्य में इस वर्ष एक जून से तीन सितंबर तक अब तक कुल 1034.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जो कि सामान्य वर्षा 823.7 मिमी से 26% अधिक है। रांची में इसी अवधि में 1292.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 841.1 मिमी से 54% अधिक है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में राज्य के तीन जिलों में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट और आठ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के अन्य हिस्सों में सामान्य बारिश होने की संभावना है।