रांची न्यूज डेस्क: यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने रांची मंडल में ट्रेनों के ठहराव और मार्ग में कई अहम बदलाव किए हैं। ट्रेन संख्या 18603/18604 रांची–गोड्डा–रांची एक्सप्रेस का झालिदा स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव अगले आदेश तक किया गया है। इसके तहत 14 फरवरी से रांची–गोड्डा एक्सप्रेस झालिदा स्टेशन पर 16:03 बजे पहुंचेगी और 16:04 बजे रवाना होगी। वहीं, गोड्डा–रांची एक्सप्रेस 11 फरवरी से चलकर 12 फरवरी से झालिदा स्टेशन पर 3:20 बजे आगमन और 3:21 बजे प्रस्थान करेगी।
इसके अलावा, नई दिल्ली–रांची राजधानी एक्सप्रेस (20408) 11, 18, 25 फरवरी और 4 मार्च को तथा राजधानी एक्सप्रेस (12454) 7, 14, 21, 28 फरवरी और 7 मार्च को अपने निर्धारित टोरी–लोहरदगा मार्ग के स्थान पर टोरी–बरकाकाना मार्ग से संचालित की जाएंगी। इसी तरह रांची–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (20407) 12, 19, 26 फरवरी और 5 मार्च को, जबकि राजधानी एक्सप्रेस (12453) 8, 15, 22 फरवरी, 1 और 8 मार्च को रांची–बरकाकाना–टोरी मार्ग से चलेगी।
रेलवे ने चोपन–रांची एक्सप्रेस (18632) और रांची–चोपन एक्सप्रेस (18631) के परिचालन में भी अस्थायी बदलाव किए हैं। ये ट्रेनें फरवरी और मार्च के निर्धारित दिनों में बदले हुए मार्ग से चलाई जाएंगी। इसके साथ ही रांची–सासाराम एक्सप्रेस (18635) भी 9 फरवरी से 7 मार्च तक परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी।
रांची रेल मंडल के अनुसार, रांची–लोहरदगा–टोरी रेलखंड पर नगजुआ और लोहरदगा स्टेशन के बीच कोयल नदी पर स्थित पुल संख्या 115 पर मरम्मत कार्य चल रहा है। इसी कारण इन ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त करें, क्योंकि मरम्मत कार्य के दौरान समय और मार्ग में अस्थायी परिवर्तन लागू रहेंगे।