रांची न्यूज डेस्क: झारखंड के कई जिलों में सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल शुरू हो चुका है। राजधानी रांची में मेकॉन परिसर में सायरन बजाकर मॉक ड्रिल की शुरुआत की गई, जिसमें अचानक हमले की स्थिति में लोगों को सुरक्षित निकालने और घायलों को जल्द से जल्द चिकित्सा सहायता पहुंचाने का अभ्यास किया गया।
रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने मॉक ड्रिल से पहले पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एनसीसी कैडेट्स को उनके कार्य और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी। पुलिस लाइन केंद्र में की गई इस ब्रीफिंग में आपात स्थिति में तुरंत और सही कार्रवाई के तरीके सिखाए गए।
शाम 7 से 8 बजे तक पूरे शहर में ब्लैकआउट का अभ्यास होगा, जिसमें अंधेरे में भी सुरक्षित रहने और एक-दूसरे की मदद करने का अभ्यास किया जाएगा। इस दौरान लोगों को घबराए बिना समझदारी से काम करने के गुर सिखाए जाएंगे।