रांची न्यूज डेस्क: झारखंड में आज मॉनसून ने दस्तक दे दी है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। राजधानी रांची में सुबह से ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि प्रदेश में मानसून प्रवेश कर चुका है। आज दोपहर 3 बजे मौसम विभाग प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पूरे राज्य में मानसून की स्थिति की जानकारी साझा करेगा।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और बारिश हो रही है। हजारीबाग में बीते 24 घंटे में 29 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। रांची, बोकारो, खूंटी और गुमला जैसे जिलों में भी रुक-रुककर फुहारें पड़ी हैं। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि मंगलवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
बारिश के साथ वज्रपात की घटनाएं भी सामने आई हैं। गढ़वा जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के अमहर गांव में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी पांच साल की बेटी और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर रहे थे। घायल युवक उत्तर प्रदेश के चोपन का निवासी है।
चतरा, पलामू और लातेहार जिलों में भी वज्रपात की मार पड़ी है। चतरा के हंटरगंज प्रखंड में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पलामू जिले के चैनपुर थाना अंतर्गत चांदो गांव में मां-बेटी की मौत हो गई, वहीं प्रतापपुर गांव में दो गायें बिजली की चपेट में आ गईं। लातेहार के महुआडांड़ में एक महिला की जान गई है और दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।