रांची न्यूज डेस्क: गणतंत्र दिवस को लेकर रांची पुलिस और उत्पाद विभाग ने सुरक्षा के मद्देनज़र शुक्रवार सुबह लाइन होटलों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई रांची-बोकारो मार्ग पर ओरमांझी और अनगड़ा इलाकों में की गई। इस छापेमारी में 35 लीटर महुआ शराब और करीब 7 लीटर बियर जब्त की गई। जिला प्रशासन के निर्देश पर रांची और रामगढ़ पुलिस ने संयुक्त रूप से यह ऑपरेशन चलाया।
सूचना मिली थी कि रांची से सटे कुल्ही घाटी में कई ढाबा और होटलों में अवैध रूप से महुआ शराब और बियर बेची जा रही है। इसी आधार पर प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई का आदेश दिया। छापेमारी के दौरान जीतू महतो के होटल से 10 लीटर महुआ शराब और 6.5 लीटर बियर बरामद हुई। होटल संचालक पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
इसके बाद गंगाराम महतो के होटल से 20 लीटर अवैध चुलाई शराब पकड़ी गई। वहीं, उमेश महतो के होटल से 5 लीटर महुआ शराब जब्त की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने पाया कि इन होटलों में खुलेआम शराब की बिक्री की जा रही थी।
रांची-बोकारो मार्ग के होटलों और ढाबों में दिनभर शराब पीने वालों की भीड़ रहती है। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।