रांची न्यूज डेस्क: रांची से पटना जा रही एक यात्री बस मंगलवार देर रात रामगढ़ के पास हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि टायर मोड़ के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे की नाली को तोड़ते हुए करीब 10 फीट नीचे खेत में पलट गई। हादसे के वक्त बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद शुरू की।
सूचना मिलते ही रामगढ़ थाने की शहरी और घाटी पेट्रोलिंग टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। इस दुर्घटना में तीन से चार यात्रियों को चोटें आईं हैं, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी यात्रियों को दूसरी बस के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी अभिषेक सिंह ने बताया कि जैसे ही बस रामगढ़ शहर वाले रोड में पहुंची, तभी एक जोरदार धमाका हुआ और कुछ ही पल में बस पलट गई। उन्होंने बताया कि सभी यात्रियों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया और गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।