रांची न्यूज डेस्क: झारखंड के कई जिलों में बुधवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर 3 बजे से पहले ही आसमान में घने काले बादल छा गए और देखते ही देखते अंधेरा सा छा गया। तेज हवाएं 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने लगीं और इसके बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। थोड़ी ही देर में इन हवाओं के साथ जोरदार बारिश होने लगी, जिससे सड़कों पर ट्रैफिक भी कम हो गया।
राजधानी रांची के साथ-साथ हजारीबाग के बरही इलाके में दोपहर करीब 1 बजे से ही मौसम बिगड़ने लगा था। आसमान में बादल छाने के बाद बिजली कड़कने लगी और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से तापमान में गिरावट आई और मौसम खुशनुमा हो गया। वहीं धनबाद में भी कोयलांचल इलाके में झमाझम बारिश हुई, जिससे सामान्य जनजीवन कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ।
झारखंड की उपराजधानी दुमका में भी भारी बारिश का दौर जारी है। कुछ इलाकों में वज्रपात की खबरें मिली हैं, हालांकि फिलहाल किसी नुकसान की सूचना नहीं है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह के मौसम की संभावना जताई है। लोग घरों में ही रहें और सुरक्षित रहें।