रांची न्यूज डेस्क: बिहार में विक्रमशिला ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के बाद धनबाद से भागलपुर और सीमांचल क्षेत्र की यात्रा प्रभावित हो गई है। सड़क मार्ग लंबा होने से बसों का किराया बढ़ गया है, जिसके कारण बड़ी संख्या में यात्री अब ट्रेन का रुख कर रहे हैं।
यात्रियों की बढ़ती भीड़ का असर धनबाद होकर चलने वाली ट्रेनों पर साफ दिखाई दे रहा है। रांची-भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस, रांची-गोड्डा एक्सप्रेस और टाटा-गोड्डा एक्सप्रेस में सीट मिलना बेहद मुश्किल हो गया है। स्लीपर के साथ-साथ एसी कोच में भी लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, पूरे महीने भागलपुर जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में “नो रूम” की स्थिति बनी हुई है। कई तिथियों पर कंफर्म टिकट तो दूर, वेटिंग टिकट भी उपलब्ध नहीं है। वापसी की ट्रेनों में भी यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
हालांकि शादी-विवाह का सीजन खत्म हो चुका है और मलमास के चलते अब जून के दूसरे पखवाड़े में शादियां होंगी, लेकिन गर्मी की छुट्टियों के कारण ट्रेनों में भीड़ बनी हुई है। भागलपुर ही नहीं, बिहार के कई अन्य शहरों की ट्रेनों में भी पूरे महीने लंबी वेटिंग चल रही है।
भागलपुर जाने वाली ट्रेनों की स्थिति की बात करें तो रांची-भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस में 22 मई तक वेटिंग लिस्ट है, जबकि 23 से 25 मई तक नो रूम की स्थिति बनी हुई है। टाटा-गोड्डा एक्सप्रेस में 25 मई को स्लीपर में जगह नहीं है और एसी कोच में भी लंबी वेटिंग है। वहीं रांची-गोड्डा एक्सप्रेस में स्लीपर कोच 30 मई तक फुल हैं और सेकंड एसी में भी सीट उपलब्ध नहीं है।