रांची न्यूज डेस्क: झारखंड की राजधानी रांची में दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और तेज बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिला दी। बारिश से तापमान में गिरावट आई और चारों ओर ठंडी हवाओं के साथ सुहाना मौसम महसूस हुआ। कई इलाकों में झमाझम बारिश के साथ मौसम पूरी तरह कूल-कूल हो गया।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले कुछ घंटों में गुमला, लातेहार, पलामू, चतरा और लोहरदगा जैसे जिलों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। यहां तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने चेतावनी देते हुए बताया कि कुछ इलाकों में वज्रपात भी हो सकता है, जिसे लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है।
मौसम विभाग ने राज्यभर के लिए येलो और कुछ इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बोकारो और सरायकेला-खरसावां जिले में अगले तीन घंटे के भीतर तेज हवाओं और गरज के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली चमकने के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।