रांची न्यूज डेस्क: रांची के नगड़ी इलाके से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक विवाहिता के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म किया गया। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त पीड़िता का पति घर से बाहर था, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ने नगड़ी थाना पहुंचकर तसलीम अंसारी नामक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी तसलीम अंसारी का उनके घर आना-जाना था। वह कन्यादान योजना का लाभुक दिलाने के एवज में महिला को कमीशन देता था। इसी बहाने वह अक्सर संपर्क में रहता था। पांच अक्तूबर को जब पीड़िता घर पर अकेली थी, तब तसलीम घर पहुंचा और कहा कि वह कमीशन के पैसे देने आया है।
महिला ने बताया कि उसने उसे नाश्ता दिया, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी ने उसका हाथ पकड़ लिया और जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी और वहां से फरार हो गया। पीड़िता ने तुरंत अपने पति को फोन कर पूरी घटना बताई।
इसके बाद दंपति नगड़ी थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।