रांची न्यूज डेस्क: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर कल राजधानी रांची पहुंचेंगी। उनकी सुरक्षा के लिए पूरे शहर को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा में राज्य के 14 आईपीएस अधिकारी और 75 डीएसपी तैनात हैं, इसके अलावा भारी संख्या में पुलिस बल, क्यूआरटी और विशेष सुरक्षा दस्ते भी मुस्तैद रहेंगे। राष्ट्रपति के आगमन से प्रस्थान तक ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से राजभवन तक के मार्ग पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहेंगे, साथ ही मोबाइल सर्विलांस यूनिट भी सक्रिय रहेंगी।
राष्ट्रपति के आगमन और कार्यक्रमों को देखते हुए 28, 29 और 30 दिसंबर को रांची के ट्रैफिक सिस्टम में आंशिक बदलाव किए जाएंगे। 28 दिसंबर को शाम 6 बजे से रात 7 बजे तक एयरपोर्ट से राजभवन मार्ग बंद रहेगा। 29 दिसंबर को सुबह 9.30 से 10.30 बजे और शाम 4 बजे से 5 बजे तक यातायात रोका जाएगा। वहीं 30 दिसंबर को सुबह 9 बजे से 10 बजे तक हरमू बाइपास से एयरपोर्ट और राजभवन तक मार्ग बंद रहेगा। प्रशासन ने आम लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और एयरपोर्ट यात्रियों को समय से पहले निकलने की सलाह दी है।
राष्ट्रपति 28 दिसंबर को रांची में लोकभवन में रहेंगी। 29 दिसंबर को वह जमशेदपुर के NIT के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इस दौरान वह 1.05 घंटे कैंपस में रहेंगी। समारोह में 1114 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी, जिसमें 612 छात्र व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहेंगे। डिग्री लेने वालों में स्नातक के 417, स्नातकोत्तर के 149 और पीएचडी के 46 छात्र शामिल हैं। राष्ट्रपति दोपहर 2.05 बजे से 3.10 बजे तक एनआईटी कैंपस में उपस्थित रहेंगी।
दीक्षांत समारोह से पहले राष्ट्रपति करनडीह जाहेरथान पहुंचेंगी, जहां संथाली भाषा की ओलचिकी लिपि की शताब्दी समारोह में शामिल होंगी। कार्यक्रम में 100 लोगों को सम्मानित किया जाएगा, जिसमें 12 को राष्ट्रपति स्वयं सम्मानित करेंगी। सुरक्षा के मद्देनजर जमशेदपुर में कई प्रमुख मार्गों पर 10 बजे से 6 बजे तक वाहन आवागमन पर रोक रहेगी। राष्ट्रपति सुबह 10.10 बजे सोनारी एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी और करनडीह जाहेरथान के लिए रवाना होंगी, फिर दोपहर 1.50 बजे बिष्टुपुर होते हुए एनआईटी जमशेदपुर जाएंगी।