रांची न्यूज डेस्क: झारखंड में लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। राजधानी रांची में शुक्रवार को एक सरकारी स्कूल की छत का हिस्सा गिरने से एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब बुजुर्ग स्कूल के बरामदे में सो रहा था। बताया जा रहा है कि बारिश की वजह से कमजोर हुई इमारत की छत का हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर पड़ा।
घटना रांची के पिस्का मोड़ इलाके में स्थित सरकारी स्कूल की है। पुलिस के मुताबिक, मलबे में अभी एक और व्यक्ति के फंसे होने की आशंका है। उसे बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। सुधदेव नगर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि राहत-बचाव दल मौके पर है और मलबा हटाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि मृतक की पहचान की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग भी रेस्क्यू में हाथ बंटा रहे हैं।
राज्य में बीते कई दिनों से जारी मूसलधार बारिश के चलते कई पुरानी और जर्जर इमारतों के गिरने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।