छठ पर घर लौटने की जद्दोजहद, ट्रेनों में भारी भीड़; एक सीट पर 8 यात्री, स्पेशल ट्रेनें भी कम पड़ रहीं

Photo Source : Google

Posted On:Wednesday, November 11, 2026

रांची न्यूज डेस्क: छठ पर घर लौटने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। ट्रेनों में इतनी भीड़ है कि कन्फर्म टिकट नहीं मिलने पर लोग जनरल कोच में सफर करने को मजबूर हैं। वहीं, वेटिंग टिकट वाले यात्री स्लीपर और एसी कोच के गलियारों, दरवाजों और फर्श पर बैठकर यात्रा कर रहे हैं।

कई महीने पहले ही ट्रेनों की सीटें बुक हो चुकी हैं। स्लीपर, थर्ड एसी और सेकंड एसी में भी लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है। दिल्ली, मुंबई और गुजरात से झारखंड और बिहार जाने वाली ट्रेनों के जनरल कोच में हालात और भी खराब हैं। यहां एक सीट पर 7 से 8 लोग बैठने को मजबूर हैं।

एक सीट पर 7-8 यात्री, टॉयलेट तक पहुंचना मुश्किल

ट्रेनों में भीड़ के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें कुछ यात्री ऊपरी बर्थ से गमछा बांधकर लटकते नजर आ रहे हैं, तो कुछ टॉयलेट के पास चादर बिछाकर रात गुजार रहे हैं। मुंबई से आए दिलचंद यादव ने बताया कि ट्रेन में इतनी भीड़ थी कि एक सीट पर 6-7 लोगों को बैठना पड़ा। सीटों के बीच की जगह, फर्श और लगेज कैरियर तक यात्रियों से भरे थे। यहां तक कि शौचालय के अंदर और बाहर भी लोग बैठे थे, जिसकी वजह से कई यात्री टॉयलेट तक नहीं जा सके। कुछ लोगों ने पायदान पर बैठकर सफर पूरा किया। दिलचंद के मुताबिक, स्पेशल ट्रेनें चलने के बाद भी भीड़ से ज्यादा राहत नहीं मिली। हालांकि, उन्हें इस बात की खुशी है कि वे छठ से पहले घर पहुंच गए।

तत्काल टिकट भी नहीं आ रहा काम

कन्फर्म टिकट पाने के लिए यात्रियों के पास तत्काल कोटे का विकल्प बचता है, लेकिन यहां भी सीट मिलना आसान नहीं है। बुकिंग शुरू होते ही सर्वर डाउन होने और कुछ ही मिनटों में सीटें भर जाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसे में त्योहार पर घर पहुंचने की जल्दबाजी यात्रियों की परेशानी और बढ़ा रही है।

छठ पर रेलवे चलाएगा तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पोडानूर-रक्सौल, चेन्नई सेंट्रल-बरौनी और गोंदिया-पटना के बीच तीन जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इनमें से दो जोड़ी ट्रेनें झारसुगुड़ा, राउरकेला, हटिया, रांची, मुरी और बोकारो स्टेशनों पर रुकेंगी। इन ट्रेनों से बिहार, झारखंड, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और दूसरे राज्यों के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

छठ के बाद भी नवंबर के आखिरी हफ्ते तक चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

रेलवे ने त्योहार के बाद भी यात्रियों की सुविधा के लिए तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन जारी रखने का फैसला किया है। राउरकेला-झंझारपुर, शालीमार-दरभंगा और रांची-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेनें नवंबर के आखिरी हफ्ते तक अपने तय दिनों पर चलेंगी। इससे बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

रेलवे के मुताबिक, रांची-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन (08625) 20 और 27 नवंबर को शुक्रवार के दिन रांची से रवाना होगी। वापसी में पूर्णिया कोर्ट-रांची स्पेशल ट्रेन (08626) 21 और 28 नवंबर को शनिवार को चलेगी। वहीं, राउरकेला-झंझारपुर स्पेशल ट्रेन (08105) 19 और 26 नवंबर को गुरुवार के दिन रवाना होगी। शालीमार-दरभंगा स्पेशल ट्रेन (08109) 17 और 24 नवंबर को मंगलवार को चलेगी।


रांची और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. ranchivocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.