रांची न्यूज डेस्क: बंगाल की खाड़ी में बने पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक प्रभाव के कारण सोमवार को रांची में मूसलधार बारिश हुई। महज आधे घंटे की बारिश में ही शहर की सड़कों पर नालियों का गंदा पानी बहने लगा, जिससे कई इलाकों में जलजमाव हो गया। खराब मौसम का असर सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं रहा, विमान सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुईं। दो फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा और पांच विमानों की लैंडिंग निर्धारित समय से काफी देर से हो पाई।
मौसम बिगड़ने के कारण एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु से रांची आने वाली फ्लाइट को कोलकाता और इंडिगो की मुंबई-रांची फ्लाइट को भुवनेश्वर डायवर्ट करना पड़ा। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली और बेंगलुरु से आने वाली फ्लाइट्स भी निर्धारित समय से 20 मिनट से लेकर 2 घंटे तक की देरी से रांची पहुंचीं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
शहर के कोकर, मेन रोड, कांके रोड, जयपाल सिंह स्टेडियम, मधुकम और रातू रोड जैसे इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। नालियों की सफाई समय पर नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर बहता रहा। इसी बीच, डोरंडा के बड़ा घाघरा में वज्रपात की चपेट में आकर 30 वर्षीय अनूप कच्छप की मौत हो गई। घटना उस समय की है जब वह खेत में बकरियां चरा रहा था।