रांची न्यूज डेस्क: रांची के मैकलुस्कीगंज थाना क्षेत्र के ढुब बस्ती में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की सिलबट्टे से कुचलकर हत्या कर दी। सोमवार देर रात करीब 1 बजे इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। मृतकों में 28 वर्षीय पत्नी रेणु देवी उर्फ पारो देवी, सात वर्षीय बेटा आरुष और चार साल की बेटी आरोही शामिल हैं। आरोपी की पहचान रवि लोहरा के रूप में हुई है, जो पेशे से राज मिस्त्री है और पिछले डेढ़ साल से अपने ससुराल में रह रहा था।
घटना की जानकारी उस वक्त सामने आई जब रवि की सास मंजरी देवी रात को शौच के लिए उठीं और उन्होंने दामाद को घर से बाहर निकलते देखा। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो बेटी और नाती-नातिन खून से लथपथ बिस्तर पर मृत पड़े थे। मंजरी देवी के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य जागे और पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।
मौके से खून से सना सिलबट्टा भी बरामद किया गया है, जिससे वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रवि लोहरा को घटनास्थल से कुछ दूरी पर धमधमिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से खलारी का रहने वाला है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है।
मृतका के भाई चंदन लोहरा ने मैकलुस्कीगंज थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। उसने बताया कि उसका जीजा कुछ दिनों पहले गढ़वा के नगर उंटारी में काम करने गया था और 23 मई को वापस रांची आया था। 25 मई को वह अपने ससुराल लौटा और सब कुछ सामान्य लग रहा था। रवि ने बच्चों को बाल कटवाया और रात के खाने में मुर्गा-भात भी बना। लेकिन उसी रात उसने ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया।