झारखंड शराब घोटाला: कारोबारी नवीन केडिया रांची से गिरफ्तार, कोर्ट ने 5 दिन की रिमांड दी

Photo Source : Google

Posted On:Thursday, March 12, 2026

रांची न्यूज डेस्क: झारखंड के चर्चित शराब घोटाले के आरोपी छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारी नवीन केडिया को एसीबी ने रांची से गिरफ्तार कर लिया। अग्रिम जमानत याचिका एसीबी कोर्ट और झारखंड हाई कोर्ट से खारिज होने के बाद वह सरेंडर करने रांची पहुंचा था। उसे एसीबी के स्पेशल जज ओंकार नाथ चौधरी की अदालत में पेश किया गया, जहां एसीबी ने सात दिन की रिमांड मांगी, लेकिन अदालत ने पांच दिन की रिमांड मंजूर की।

एसीबी ने 8 जनवरी को केडिया को गोवा के एक स्पा सेंटर से उस समय गिरफ्तार किया था, जब वह मसाज करा रहा था। अगले दिन गोवा की अदालत ने उसे चार दिन की ट्रांजिट बेल देते हुए 12 जनवरी तक झारखंड एसीबी के सामने सरेंडर करने का निर्देश दिया था। हालांकि ट्रांजिट बेल मिलने के बाद केडिया पहले दिल्ली और फिर छत्तीसगढ़ चला गया और तय समय तक एसीबी के सामने पेश नहीं हुआ, जिसके बाद उसे फरार घोषित कर उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया।

एसीबी के अनुसार नवीन केडिया पर झारखंड में निम्न गुणवत्ता वाली देसी शराब की आपूर्ति करने का आरोप है। बताया गया कि उसकी कंपनी द्वारा तैयार शराब में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक तत्व पाए गए थे। इसके अलावा उस पर राज्य की पुरानी उत्पाद नीति के दौरान अधिकारियों से मिलीभगत कर झारखंड में शराब ठेका हासिल करने का भी आरोप है।

केडिया के फरार होने के मामले में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित कर दिया था। निगरानी में गंभीर लापरवाही पाए जाने के बाद एसीबी मुख्यालय ने यह कार्रवाई की। इन निलंबित अधिकारियों में एसीबी इंस्पेक्टर विजय केरकेट्‌टा, दारोगा शशिकांत कुमार, हवलदार अनूप साह, सिपाही रौशन सिंह और अमन प्रताप के साथ रांची जिला पुलिस के राहुल कुमार, एएसआई राजीव रंजन कुमार और सिपाही रवि शंकर शर्मा शामिल हैं।


रांची और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. ranchivocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.