रांची न्यूज डेस्क: रांची में सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा ने बड़ा प्रदर्शन किया। मामला बिहार में कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अमर्यादित टिप्पणी का था। इसके विरोध में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता रैली के रूप में कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें रांची यूनिवर्सिटी गेट से पहले ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और महिला कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, सैकड़ों महिलाएं जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जमा हुईं और वहां से मार्च करते हुए कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने लगीं। प्रदर्शनकारी जब बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश कर रही थीं, तो पुलिस ने बलपूर्वक उन्हें रोका। इससे कई महिलाओं को चोटें भी आईं। महिला कार्यकर्ताओं का कहना था कि यह सिर्फ शांति मार्च था, लेकिन पुलिस ने लाठियों के बल पर रोक दिया।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व झारखंड भाजपा की उपाध्यक्ष आरती कुजूर, प्रदेश मीडिया प्रभारी कुमुद झा, जिला अध्यक्ष पायल सोनी और प्रदेश मंत्री नीलम चौधरी कर रही थीं। उनका कहना था कि वे केवल पीएम मोदी के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का विरोध दर्ज कराना चाहती थीं।
घटना के बाद जिला प्रशासन ने रांची के श्रद्धानंद रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय और आसपास सुरक्षा काफी कड़ी कर दी। सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग लगा दी गई और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। वहीं भाजपा प्रदेश इकाई ने बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने प्रधानमंत्री पर अमर्यादित टिप्पणी कर देश का अपमान किया है और जनता इसका जवाब जरूर देगी।