रांची न्यूज डेस्क: रांची के होटल प्रबंधन संस्थान (IHM) में पलाश दीदी कैफे फूड क्लस्टर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत 10 दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन शुक्रवार को हुआ। इस छठे बैच में झारखंड के 12 जिलों से चुनी गई 30 स्वयं सहायता समूह (SHG) की दीदियों ने हिस्सा लिया। अब तक कुल 155 दीदियों को इस प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तैयार किया जा चुका है।
यह प्रशिक्षण IHM रांची और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के बीच हुए समझौते के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य अगले तीन वर्षों में झारखंड के विभिन्न जिलों में 100 दीदी कैफे खोलना है।
समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए गए और उन्हें स्थानीय व्यंजन, बेकरी, खाद्य सेवा, कैफे की स्थापना, लागत निर्धारण, बिक्री तकनीक और उद्यमिता जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा, दीदियों को रांची के उपायुक्त कार्यालय में संचालित पूनम दीदी के कैफे का दौरा भी कराया गया, जिससे उन्हें जमीनी अनुभव मिल सके।
समारोह में JSLPS की सीईओ कंचन सिंह, IHM रांची के प्राचार्य डॉ. भूपेश कुमार, राज्य कार्यक्रम प्रबंधक नितीश कुमार सिन्हा और मीनाक्षी प्रकाश भी शामिल हुए। कंचन सिंह ने कहा कि यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ झारखंड की सांस्कृतिक और पाक विरासत को सशक्त मंच प्रदान कर रही है। डॉ. भूपेश कुमार ने कहा कि यह साझेदारी झारखंड के समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।