रांची न्यूज डेस्क: राजधानी रांची में 10 मई को पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। गृह मंत्री 9 मई को रांची पहुंचेंगे, जबकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उपाध्यक्ष के तौर पर इस बैठक में शामिल होंगे। बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और झारखंड से मुख्य सचिव अलका तिवारी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे। बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शामिल होने की संभावना भी है, लेकिन इस पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बैठक को लेकर रांची प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम ने आयोजन स्थल समेत आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम के प्रशासक संदीप सिंह ने बुधवार को अपने टीम के साथ आयोजन स्थल, एयरपोर्ट रोड, रातू रोड चौक से बाइपास होते हुए कडरू, अरगोड़ा और अन्य इलाकों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने खास तौर पर कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले सभी मार्गों की सफाई सुनिश्चित करने के लिए स्वच्छता शाखा को निर्देशित किया। इसके अलावा, अवैध होर्डिंग्स को हटाने की भी योजना बनाई गई है।
बैठक के मद्देनजर रांची में ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। 10 मई को सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक बड़े मालवाहन गाड़ियों का शहर में प्रवेश बंद रहेगा। छोटे मालवाहक वाहन भी सुबह 8 बजे से 11 बजे तक और शाम 4 बजे से 7 बजे तक रांची शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। बैठक के दौरान बिरसा चौक से सुजाता चौक तक ऑटो का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा, बिग बाजार चौक से कडरू ब्रिज तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा, केवल कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों को अनुमति दी जाएगी।